गम्हरिया: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गम्हरिया के स्टेशन रोड स्थित शक्तिनगर से 14 जुलाई से लापता 70 वर्षीय लखन पति का शव शुक्रवार सुबह सीनी ओपी क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव स्थित एक कुएं से बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई।
स्थानीय लोगों ने कुएं में शव तैरता देखा और इसकी सूचना तत्काल सीनी ओपी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, लखन पति के पुत्र दिलीप पति ने गुरुवार को आदित्यपुर थाना में अपने पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि 14 जुलाई को सुबह करीब 11:30 बजे लखन पति बाजार जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
परिजनों के अनुसार, लखन पति की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई थी। शुक्रवार सुबह उनका शव सीनी क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव स्थित एक कुएं में मिलने के बाद मामले ने दुखद मोड़ ले लिया।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
