गुवा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। लोहार बस्ती निवासी दामु हेंब्रम ने अपने दो बेटों की जान बचाने के लिए अपनी जान की परवाह नहीं की। उन्होंने नदी में डूब रहे दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन खुद गहरे पानी में समा गए।
जानकारी के अनुसार, दामु हेंब्रम शुक्रवार सुबह अपने दोनों बेटों के साथ ठाकुरा गांव स्थित कारो नदी में स्नान करने गए थे। इसी दौरान दोनों बच्चे नदी के तेज बहाव में फंसकर डूबने लगे।
बच्चों को संकट में देख दामु हेंब्रम बिना किसी हिचकिचाहट के नदी में कूद पड़े और साहस का परिचय देते हुए दोनों बेटों को सुरक्षित किनारे तक पहुंचा दिया।
हालांकि, बच्चों को बचाने के दौरान दामु हेंब्रम स्वयं गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें नदी से बाहर निकालकर गुवा सेल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही गुवा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं, इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दामु हेंब्रम के साहस और अपने बच्चों के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है।
बताया जाता है कि दामु हेंब्रम गुवा सेल खदान के ओएचपी विभाग में ठेका मजदूर के रूप में कार्यरत थे। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
