जमशेदपुर: भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के पावन अवसर पर केबुल टाउन स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में नवग्रह वाटिका के निर्माण की औपचारिक शुरुआत की गई। मंदिर के तृतीय स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने पीपल का पौधा रोपकर नवग्रह वाटिका का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर उन्होंने बताया कि प्रस्तावित नवग्रह वाटिका 25×25 फीट (625 वर्ग फीट) क्षेत्रफल में विकसित की जाएगी। वाटिका में नवग्रहों के लिए समान दूरी पर अलग-अलग स्थान निर्धारित किए जाएंगे, जहां प्रत्येक ग्रह से जुड़े पवित्र वृक्ष लगाए जाएंगे।
प्रत्येक वृक्ष के समीप संबंधित ग्रह की प्रतिमा स्थापित की जाएगी, ताकि श्रद्धालु एक ही स्थान पर नवग्रहों की पूजा-अर्चना कर सकें।
गुरुवार देवगुरु बृहस्पति का दिन होने के कारण बृहस्पति ग्रह से संबंधित पीपल का पौधा लगाकर इस परियोजना का शुभारंभ किया गया। अन्य ग्रहों से जुड़े पौधों का रोपण उनके निर्धारित शुभ दिनों में किया जाएगा।

नवग्रह वाटिका का निर्माण आगामी शारदीय नवरात्र तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वाटिका में पूजा-पाठ और परिक्रमा के लिए पर्याप्त स्थान भी उपलब्ध कराया जाएगा।
सरयू राय ने जानकारी दी कि 15 जुलाई को महामंडलेश्वर स्वामी उमाकांतानंद जी महाराज मंदिर पहुंचे थे। उन्होंने नवग्रह वाटिका के लिए स्थल का चयन किया तथा शंखनाद और नारियल फोड़कर विधिवत भूमि पूजन संपन्न कराया। इस दौरान मंदिर में स्थापित सभी देवी-देवताओं के विग्रहों का विशेष पूजन भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान श्री तुलसीदास रचित रामचरितमानस के अखंड पाठ का समापन भी हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें खीर, पूड़ी, चटनी और मिक्स वेज परोसा गया।
विधायक ने बताया कि श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में भगवान लक्ष्मीनारायण, मां काली, भगवान शिव, श्री गणेश और श्री हनुमान जी के विग्रहों की प्राण-प्रतिष्ठा वर्ष 2024 में आषाढ़ शुक्ल द्वितीया, अर्थात भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के दिन संपन्न हुई थी।
इस बार मंदिर के तृतीय स्थापना दिवस पर नवग्रह वाटिका की शुरुआत एक विशेष आध्यात्मिक पहल के रूप में की गई है।
पूरे धार्मिक अनुष्ठान का संचालन मंदिर के मुख्य पुजारी विनोद पांडेय ने कराया। कार्यक्रम में जदयू जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, नीरज सिंह, साकेत गौतम, असीम पाठक, अशोक कुमार, विकास सिंह, समरेश सिंह, कुणाल कुमार, राहुल, दुर्गा कुमार, पंकज सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
