सरायकेला: आखिरकार पति ही निकला हत्यारा। सरायकेला-खरसावां जिले के सीनी ओपी क्षेत्र में सेफ्टी टैंक से महिला का शव मिलने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस हत्याकांड में मृतका के पति सोमराय हेंब्रम को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने पूछताछ के दौरान पत्नी की हत्या कर शव को सेफ्टी टैंक में छिपाने की बात स्वीकार कर ली है।
गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वार्गियारी ने बताया कि मंगलवार को सेफ्टी टैंक से बरामद महिला के शव की पहचान सोमवारी हेंब्रम के रूप में हुई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ कर जांच को तेजी से आगे बढ़ाया।
जांच के दौरान पुलिस का संदेह मृतका के पति सोमराय हेंब्रम पर गया। हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिसके कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। इसी विवाद ने हत्या जैसी वारदात का रूप ले लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पहले बिजली के तार से पत्नी का गला घोंटा और उसकी मौत सुनिश्चित करने के लिए लोहे की रॉड से सिर पर कई वार किए। हत्या के बाद उसने साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को घर के पास निर्माणाधीन मकान के समीप बने सेफ्टी टैंक में फेंक दिया, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे।
हालांकि एसआईटी की त्वरित कार्रवाई, वैज्ञानिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मात्र दो दिनों में पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वार्गियारी ने कहा कि जघन्य अपराध करने वाला कोई भी व्यक्ति कानून से बच नहीं सकता। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
