जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड स्थित मजार के पास 8 जुलाई की शाम हुए चर्चित राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य नामजद आरोपी विक्की सिंह उर्फ अप्पा राव उर्फ बल्लू (24) को पुलिस ने बिरसानगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था, लेकिन तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने 12 जुलाई को उसे दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार, 8 जुलाई की शाम करीब 7:30 बजे राहुल बच्चा पर डंडे, पत्थर और लकड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मृतक के भाई के बयान पर मानगो थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) की निगरानी में सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही इस मामले में साहेब सिंह उर्फ सब्बे, सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली, अफताब अली बाबा और अमरजीत प्रसाद उर्फ पाण्डेय को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। अब मुख्य आरोपी विक्की सिंह की गिरफ्तारी को इस हत्याकांड की जांच में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
पुलिस पूछताछ में विक्की सिंह ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। जांच में यह भी सामने आया कि उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
वर्ष 2022 में सिदगोड़ा थाना में चोरी और चोरी का माल रखने का मामला दर्ज हुआ था। इसके बाद वर्ष 2023 में मानगो थाना में सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में उसके खिलाफ केस दर्ज हुआ।
वहीं वर्ष 2025 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत भी उसके विरुद्ध एक अन्य मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से पड़ताल की जा रही है।
