July 25, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

Gulmohur High School Felicitation 2026: ICSE-ISC टॉपर्स का भव्य सम्मान, जमशेदपुर के टॉप-10 में बनाई जगह

Gulmohur High School Felicitation 2026: ICSE-ISC टॉपर्स का भव्य सम्मान, जमशेदपुर के टॉप-10 में बनाई जगह

जमशेदपुर: जमशेदपुर के गुलमोहर हाईस्कूल ने ICSE और ISC बोर्ड परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने के लिए शनिवार को टाटा ऑडिटोरियम में भव्य फेलिसिटेशन सेरेमनी का आयोजन किया।

समारोह में शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ नेतृत्व, अनुशासन, सामुदायिक सेवा और नैतिक मूल्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विद्यार्थियों को भी विशेष पुरस्कारों से नवाजा गया।

शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की अपनी परंपरा को कायम रखते हुए गुलमोहर हाईस्कूल ने शनिवार को टाटा ऑडिटोरियम में फेलिसिटेशन सेरेमनी-2026 का भव्य आयोजन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि टाटा मोटर्स, जमशेदपुर के जनरल मैनेजर (प्लांट फाइनेंस) सतीश कदम रहे।

इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य प्रीति सिन्हा और उप-प्राचार्य अर्चना श्रीवास्तव सहित शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

जमशेदपुर के टॉप-10 मेधावियों में शामिल हुए विद्यालय के छात्र

इस वर्ष ICSE परीक्षा में आयशा ओझा ने 96.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। ISC विज्ञान संकाय में प्रियंका शाह ने 97.50 प्रतिशत और वाणिज्य संकाय में आशी कुमारी ने 96.25 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

खास बात यह रही कि आयशा ओझा, प्रियंका शाह और आशी कुमारी ने जमशेदपुर के शीर्ष-10 मेधावी विद्यार्थियों में भी अपनी जगह बनाई।

उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए विशेष सम्मान

समारोह के दौरान चिन्मय गंगरास को ICSE में सर्वाधिक औसत अंक प्राप्त करने वाले छात्र के रूप में प्रतिष्ठित टाटा कमिंस अवार्ड से सम्मानित किया गया। वहीं विद्यालय की टॉपर आयशा ओझा को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्रिंसिपल्स अवार्ड प्रदान किया गया।

विभिन्न विषयों में सर्वोच्च अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को रोलिंग ट्रॉफियां देकर सम्मानित किया गया।

औद्भिद्य पुरस्कार रहा समारोह का मुख्य आकर्षण

कार्यक्रम का सबसे विशेष आकर्षण प्रतिष्ठित औद्भिद्य पुरस्कार का वितरण रहा। यह सम्मान आयशा ओझा, चिन्मय गंगरास, शुभोमिता दास, आराध्या कुमारी, रोहन जगन्नाथन और खुशी कुमारी महतो को शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ सामुदायिक सेवा, नेतृत्व क्षमता और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।

सभी सम्मानित विद्यार्थियों को टैबलेट और प्रशस्ति-पट्टिका भेंट कर सम्मानित किया गया।

ज्ञान के साथ संस्कार भी जरूरी : सतीश कदम

मुख्य अतिथि सतीश कदम ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि सफलता केवल अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं होती, बल्कि ज्ञान, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के साथ जीवन में आगे बढ़ना ही वास्तविक उपलब्धि है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

शिक्षा का उद्देश्य केवल अंक नहीं, व्यक्तित्व निर्माण भी

समारोह के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने यह संदेश दिया कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में चरित्र, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय मूल्यों का विकास करना भी है।

पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों का उत्साह और गर्व देखने लायक रहा।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading