July 24, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
ताज़ा खबर
खेल

एनटीएचए के आशीष तानी पूर्ति और प्रेमचंद सोय का भारतीय हॉकी टीम में चयन

एनटीएचए के आशीष तानी पूर्ति और प्रेमचंद सोय का भारतीय हॉकी टीम में चयन

जमशेदपुर : नवल टाटा हॉकी अकादमी (एनटीएचए) के दो प्रतिभाशाली कैडेट्स आशीष तानी पूर्ति और प्रेमचंद सोय का चयन आगामी मेंस अंडर-18 एशिया कप 2026 के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम में किया गया है। 18 सदस्यीय भारतीय टीम जापान के काकामिगाहारा में आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी। प्रतियोगिता का आयोजन 29 मई से 6 जून तक किया जाएगा।

दोनों खिलाड़ियों का चयन हाल ही में भोपाल में 15 से 20 मई तक आयोजित भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया अंडर-18 द्विपक्षीय श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। इस प्रारंभिक 24 सदस्यीय संभावित टीम में एनटीएचए के तीन खिलाड़ी शामिल थे, जिनमें जयसन कंडुलना भी शामिल थे।

श्रृंखला के दौरान डिफेंस में आशीष तानी पूर्ति और मिडफील्ड में प्रेमचंद सोय ने बेहतरीन खेल और रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन किया, जिसके बाद दोनों ने भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की कर ली।

इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए एनटीएचए के प्रोजेक्ट डायरेक्टर गुरमीत सिंह राव ने कहा कि आशीष और प्रेमचंद का चयन उनकी कड़ी मेहनत, खेल समझ और ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ शानदार प्रदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने न केवल अकादमी बल्कि पूरे झारखंड का नाम रोशन किया है। साथ ही यह भी साबित किया है कि एनटीएचए में खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

उन्होंने विश्वास जताया कि जापान में होने वाले एशिया कप में दोनों खिलाड़ी भारतीय टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

जमशेदपुर स्थित नवल टाटा हॉकी अकादमी एक अत्याधुनिक हॉकी हाई परफॉर्मेंस सेंटर के रूप में कार्य कर रही है। यहां हॉकी प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें पेशेवर कोचिंग, खेल विज्ञान और आधुनिक सुविधाओं के माध्यम से निखारा जाता है, ताकि भविष्य के अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार किए जा सकें।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading