July 25, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

चांडिल पुल पर भीषण सड़क हादसा: रांची एयरपोर्ट जा रहे परिवार की कार को ट्रक ने 10 मीटर तक घसीटा

चांडिल पुल पर भीषण सड़क हादसा: रांची एयरपोर्ट जा रहे परिवार की कार को ट्रक ने 10 मीटर तक घसीटा

चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल स्थित नवनिर्मित पुल पर शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रही एक कार को सामने से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक कार को करीब 10 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हालांकि कार में सवार पति-पत्नी और उनका बेटा चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गए।

जानकारी के अनुसार, कार सवार परिवार जमशेदपुर के साकची का रहने वाला है। वे अपने बेटे को रांची एयरपोर्ट छोड़ने जा रहे थे, जहां से उसे बेंगलुरु के लिए रवाना होना था। बेटा बेंगलुरु में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहा है।

इसी दौरान चांडिल के नए पुल पर गलत दिशा से वाहन चलाने के कारण यह हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा बेहद भयावह था। ट्रक की टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कुछ दूरी तक ट्रक के साथ घिसटती चली गई।

मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सौभाग्य से तीनों को गंभीर चोट नहीं आई और वे सुरक्षित बच गए।

घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक चालक को वाहन समेत अपने कब्जे में लेकर थाना पहुंचाया, जहां उससे दुर्घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना के लिए किसकी लापरवाही जिम्मेदार थी।

स्थानीय लोगों ने इस घटना के बाद नए पुल पर यातायात नियमों के सख्ती से पालन कराने और रॉन्ग साइड से वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading