July 24, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
ताज़ा खबर
झारखंड

Adityapur Jagannath Gop Murder Case: फरार अंतिम आरोपी शिबू गोप गिरफ्तार, सभी नामजद अभियुक्त पुलिस की गिरफ्त में

Adityapur Jagannath Gop Murder Case: फरार अंतिम आरोपी शिबू गोप गिरफ्तार, सभी नामजद अभियुक्त पुलिस की गिरफ्त में

आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बोलायडीह स्थित शीतला मंदिर के समीप हुए चर्चित जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है।

विशेष जांच दल (एसआईटी) ने मामले के अंतिम फरार आरोपी शिबू गोप को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इसके साथ ही इस हत्याकांड के सभी नामजद आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर गठित एसआईटी ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पहले ही चार आरोपियों प्रेम नायक, शिवम प्रामाणिक, संजय नायक और गणेश नायक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत भेज दिया था। अब अंतिम आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने पूरे मामले में नामजद सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त कर ली है।

इस हत्याकांड की जांच पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ शुभम भारद्वाज के नेतृत्व में गठित एसआईटी कर रही है। पुलिस के अनुसार, शिबू गोप की गिरफ्तारी भी इसी विशेष अभियान का हिस्सा है।

टीम लगातार मामले के हर पहलू की गहन जांच कर रही है ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाया जा सके।

पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश प्रमुख वजह के रूप में सामने आई है। उन्होंने कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और प्रभावशाली व्यक्ति भी यदि अपराध में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading