July 24, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
ताज़ा खबर
झारखंड

JEE Advanced 2026: गम्हरिया के श्रीधरपुर के परिमल मंडल ने IIT Guwahati में पाया दाखिला, 15 घंटे की पढ़ाई लाई रंग

JEE Advanced 2026: गम्हरिया के श्रीधरपुर के परिमल मंडल ने IIT Guwahati में पाया दाखिला, 15 घंटे की पढ़ाई लाई रंग

गम्हरिया: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड स्थित सुदूरवर्ती श्रीधरपुर गांव के होनहार छात्र परिमल मंडल ने अपनी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के दम पर देश की सबसे चुनौतीपूर्ण परीक्षाओं में शामिल आईआईटी जेईई एडवांस्ड 2026 में शानदार सफलता हासिल की है।

परिमल का चयन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) गुवाहाटी में हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

परिमल के पिता सुभाष चंद्र मंडल और माता लक्ष्मी प्रिया मंडल ने बेटे की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद उसने कभी हार नहीं मानी। खास बात यह है कि परिमल ने किसी बड़े शहर में जाकर महंगी कोचिंग नहीं की।

उन्होंने घर पर रहकर ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई की और प्रतिदिन लगभग 14 से 15 घंटे नियमित अध्ययन कर इस मुकाम तक पहुंचे।

परिमल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और परिवार के निरंतर सहयोग, प्रोत्साहन और विश्वास को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार ने हर चुनौतीपूर्ण समय में उनका हौसला बढ़ाया, जिससे लक्ष्य हासिल करना संभव हो सका।

उन्होंने बताया कि आईआईटी में प्रवेश पाना उनका बचपन का सपना था। अब उनका लक्ष्य एक कुशल इंजीनियर बनकर देश के तकनीकी विकास और नवाचार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देना है।

ग्रामीण परिवेश से निकलकर आईआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान तक पहुंचने वाले परिमल मंडल की सफलता क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बन गई है।

उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद यदि मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण हो, तो कोई भी सपना साकार किया जा सकता है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading