रांची,। जगन्नाथपुर मंदिर धुर्वा के ऐतिहासिक घूरती रथ यात्रा महोत्सव-2026 का आयोजन 25 जुलाई को देवशयनी एकादशी के अवसर पर श्रद्धा और भक्ति के साथ किया जाएगा। जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति ने महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
समिति की ओर से गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि धूरती रथ यात्रा महोत्सव की शुरुआत 25 जुलाई सुबह पांच बजे सुप्रभातम से होगी। इसके बाद सुबह छह बजे आरती एवं भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के दर्शन कराए जाएंगे। सुबह आठ बजे अन्न-भोग अर्पित किया जाएगा। दोपहर 2:50 बजे दर्शन बंद होने के बाद श्री सुदर्शन चक्र, गरुड़ जी, लक्ष्मीनरसिंह, भगवान बलभद्र, माता सुभद्रा और भगवान श्री जगन्नाथ को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रथ पर विराजमान किया जाएगा।
इसके उपरांत विशेष पूजन, विष्णु लक्षार्चना, स्तोत्र पाठ, आरती और श्री जगन्नाथ अष्टकम का आयोजन होगा। शाम चार बजे घूरती रथ यात्रा प्रारंभ होकर शाम 5 बजे मुख्य मंदिर परिसर पहुंचेगी। इसके बाद शाम पांच से छह बजे तक महिलाओं के लिए रथ पर विशेष दर्शन की व्यवस्था की गई है। शाम छह बजे विग्रहों को रथ से उतारकर मुख्य मंदिर में स्थापित किया जाएगा। रात आठ बजे 108 दीपों की मंगल आरती,विशेष भोग और हरिशयनम के साथ महोत्सव का समापन होगा।
मंदिर न्यास समिति ने श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।