जमशेदपुर: टाटा स्टील के जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के खेल विभाग की ओर से 21 से 24 जुलाई 2026 तक आयोजित इंटर डिविजनल कैरम टूर्नामेंट-2026 (पुरुष एवं महिला) का सफल समापन हो गया। प्रतियोगिता में टाटा स्टील की विभिन्न इकाइयों के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन का उद्देश्य कर्मचारियों के बीच खेल भावना, फिटनेस, मनोरंजन और आपसी समन्वय को बढ़ावा देना था।

पुरुष वर्ग में 16 इकाइयों की भागीदारी
पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता में 16 इकाइयों की 32 टीमों के कुल 105 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के बीच OMQ A ने पहला स्थान हासिल कर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। जनरल ऑफिस B उपविजेता रहा, जबकि NINL A ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
विजेताओं को पुरस्कार द्रोणाचार्य एवं पद्मश्री सम्मान से सम्मानित तीरंदाजी कोच पूर्णिमा महतो तथा सीनियर मैनेजर (एडमिनिस्ट्रेशन) कृपाल सिंह ने प्रदान किए। उन्होंने विजेताओं को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों की खेल भावना और समर्पण की सराहना की।
प्रतियोगिता का सफल संचालन तिलक राम साहू, जसवंत साहू, अजय हेंब्रम और अनुप कुमार सिंह ने बतौर निर्णायक एवं अधिकारी किया।

महिला वर्ग में जनरल ऑफिस A ने मारी बाजी
महिला वर्ग की प्रतियोगिता में 15 इकाइयों की 60 खिलाड़ियों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबलों के बाद जनरल ऑफिस A ने पहला स्थान प्राप्त किया। AEM B दूसरे और जनरल ऑफिस B तीसरे स्थान पर रहा।
पुरस्कार वितरण समारोह में चीफ स्पोर्ट्स मुकुल विनायक चौधरी, हेड, इवेंट एंड ट्रेनिंग सेंटर कैप्टन मनीष सिन्हा तथा सीनियर मैनेजर (अकाउंट्स) नीलम कुमारी उपस्थित रहे।
उन्होंने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए महिलाओं को खेल गतिविधियों से लगातार जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया।
महिला वर्ग की प्रतियोगिता का संचालन जे. बेहरा, जसवंत साहू, ए.के. सिंह और अजय हेंब्रम ने सफलतापूर्वक किया।
खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की पहल
इंटर डिविजनल कैरम टूर्नामेंट-2026 का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। इस आयोजन ने एक बार फिर कर्मचारियों के बीच खेल संस्कृति, टीम भावना, स्वस्थ जीवनशैली और आपसी सहयोग को मजबूत करने की टाटा स्टील की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
प्रतियोगिता ने विभिन्न इकाइयों के कर्मचारियों को एक साझा मंच पर लाकर खेल प्रतिभा के साथ-साथ संगठनात्मक एकता और सौहार्द को भी नई मजबूती प्रदान की।