गम्हरिया: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना पुलिस ने करीब चार माह पहले चोरी हुए महिंद्रा ट्रैक्टर को बरामद करते हुए मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने राजनगर थाना क्षेत्र के पाखण्डी गांव स्थित बनकाटी टोला निवासी सौरभ मंडल को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, छोटा गम्हरिया स्थित एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय के समीप वात्सल्य महिला छात्रावास के पास रहने वाले अभय कुमार यादव का महिंद्रा ट्रैक्टर अप्रैल माह में चोरी हो गया था। घटना के बाद गम्हरिया थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
मामले की जांच कर रहे सब-इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने सबसे पहले गम्हरिया क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में यह पुष्टि हुई कि चोरी के बाद ट्रैक्टर गम्हरिया से बाहर ले जाया गया था, लेकिन इसके बाद उसका कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिल रहा था।
इसके बावजूद पुलिस ने हार नहीं मानी और गम्हरिया, सरायकेला तथा राजनगर क्षेत्र के दर्जनों सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया।
लगातार जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी का ट्रैक्टर राजनगर इलाके में मौजूद है। इसके बाद शुक्रवार को एसआई मनोज कुमार के नेतृत्व में गम्हरिया पुलिस ने राजनगर पुलिस के सहयोग से छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक खेत में हल चलाते हुए सौरभ मंडल को चोरी के ट्रैक्टर के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने ट्रैक्टर का डाला बेच दिया है और पहचान छिपाने के लिए ट्रैक्टर में हल लगाकर चोरी-छिपे खेत जोतने का काम करता था। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।