गम्हरिया: समावेशी शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित सरायकेला खरसावां जिले के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, गम्हरिया में दिव्यांग बच्चों के लिए सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
शिविर में पूर्व से चिन्हित 19 दिव्यांग बच्चों को उनकी जरूरत के अनुसार विभिन्न सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। लाभुकों के बीच ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र (हियरिंग एड), स्मार्ट केन, विशेष जूते तथा बैसाखी का वितरण किया गया। आवश्यक उपकरण मिलने से बच्चों और उनके अभिभावकों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
समावेशी जिला प्रभारी रघुवर तिवारी ने बताया कि दिव्यांग बच्चों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें शिक्षा और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन उपकरणों से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे अधिक आत्मनिर्भर बनते हैं, जिससे उन्हें सामान्य बच्चों की तरह पढ़ाई और दैनिक गतिविधियों में भाग लेने में सुविधा मिलती है।
वार्ड पार्षद शुभम कुमार पांडेय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर दिव्यांग बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ उन्हें बेहतर अवसर प्रदान करने का प्रभावी माध्यम हैं।
शिविर के दौरान एलिम्को (ALIMCO) के विशेषज्ञों ने सभी उपकरणों की जांच कर उनकी सही फिटिंग सुनिश्चित की। पीएंडओ सोनी कुमारी, ऑडियोलॉजिस्ट राम कुमार सिंह, पीएंडओ ऋतिक गुप्ता तथा लवकुश ने लाभुकों और उनके अभिभावकों को उपकरणों के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग की विस्तृत जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी रुक्मणी हांसदा, रिसोर्स शिक्षिका सीमा कुमारी, विद्यालय परिवार के सदस्य, अभिभावक तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।