गम्हरिया: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित छोटा गम्हरिया प्राथमिक विद्यालय में चोरों ने एक बार फिर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। गुरुवार देर रात विद्यालय का ताला तोड़कर चोर हजारों रुपये मूल्य की सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और जरूरी दस्तावेज लेकर फरार हो गए। लगातार दूसरी बार हुई इस घटना से विद्यालय प्रबंधन और स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
शुक्रवार सुबह जब शिक्षक-शिक्षिकाएं विद्यालय पहुंचे तो मुख्य कमरों के ताले टूटे मिले। अंदर जाकर देखा तो कार्यालय का आलमारी भी तोड़ी जा चुकी थी और सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था।
जांच करने पर पता चला कि कार्यालय में लगा 42 इंच का एलसीडी टीवी, बच्चों की खेल सामग्री, दो पंखे, रसोईघर के बर्तन तथा कई महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब हैं।
घटना की जानकारी तत्काल गम्हरिया थाना पुलिस, स्थानीय मुखिया निरोला सरदार और पंचायत समिति सदस्य विकास कुमार शर्मा को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और जनप्रतिनिधि विद्यालय पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
शिक्षकों ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 20 जुलाई की रात भी चोरों ने विद्यालय के कई कमरों का ताला तोड़कर पंखों सहित अन्य सामान चोरी कर लिया था। लगातार हो रही चोरियों के बावजूद अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने से विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
इसी रात करीब साढ़े 12 बजे विद्यालय के समीप स्थित अजीत कुमार की गुमटी का ताला तोड़ने का भी प्रयास किया गया। आहट मिलने पर अजीत कुमार घर से बाहर निकल आए, जिसके बाद चोर मौके से भाग निकले।
पीड़ित के अनुसार, कुछ देर बाद एक बाइक पर सवार चार युवक वापस आए और उनके साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस चोरी और मारपीट दोनों मामलों की जांच कर रही है।