July 24, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

टाटा स्टील फाउंडेशन और JCAPCPL की तीन वर्षीय साझेदारी, कोल्हान में शिक्षा, कौशल विकास और जनकल्याण योजनाओं को मिलेगा बढ़ावा

टाटा स्टील फाउंडेशन और JCAPCPL की तीन वर्षीय साझेदारी, कोल्हान में शिक्षा, कौशल विकास और जनकल्याण योजनाओं को मिलेगा बढ़ावा

जमशेदपुर : टाटा स्टील फाउंडेशन और जमशेदपुर कंटीन्यूअस एनीलिंग एंड प्रोसेसिंग कंपनी प्राइवेट लिमिटेड (JCAPCPL) ने झारखंड के कोल्हान क्षेत्र में सामुदायिक विकास को नई गति देने के उद्देश्य से तीन वर्षों की रणनीतिक साझेदारी की है।

इस साझेदारी के तहत पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में शिक्षा, कौशल विकास, जनजातीय पहचान एवं विकास, खेल, दिव्यांग समावेशन तथा अन्य समुदाय-केंद्रित कार्यक्रमों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जाएगा।

दोनों संस्थाओं के बीच हुए समझौता ज्ञापन (MoU) के तहत स्थानीय समुदायों की जरूरतों का संयुक्त रूप से आकलन कर विकास योजनाओं का चयन और क्रियान्वयन किया जाएगा। इसका उद्देश्य क्षेत्र की आवश्यकताओं और लोगों की आकांक्षाओं के अनुरूप दीर्घकालिक एवं टिकाऊ सामाजिक परिवर्तन सुनिश्चित करना है।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में इस साझेदारी के अंतर्गत मस्ती की पाठशाला, सबल सेंटर जमशेदपुर, प्रोजेक्ट समृद्धि, ज्योति स्कॉलरशिप, गोल्फ प्रोजेक्ट, सबल ज्ञानोदय, आईटीआई चांडिल के विद्यार्थियों के लिए प्रायोजन सहायता तथा आसपास के समुदायों में विभिन्न विकासात्मक पहलें संचालित की जाएंगी।

एमओयू पर वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुए हस्ताक्षर

एमओयू हस्ताक्षर समारोह में JCAPCPL की ओर से प्रबंध निदेशक कपिल मोदी, कार्यकारी निदेशक अकीहिको तानिगुची, मुख्य वित्तीय अधिकारी प्रवीण हेगड़े, महाप्रबंधक (ऑपरेशंस एंड मेंटेनेंस) किरीट दक्सिनी, मुख्य मानव संसाधन अधिकारी विकास कुमार, कंपनी सचिव प्रशांत कुमार तथा सहायक मंडलीय प्रबंधक (एचआर एंड आईआर) तौसीफ इकबाल मौजूद रहे।

वहीं टाटा स्टील फाउंडेशन की ओर से ट्राइबल आइडेंटिटी प्रमुख जीरेन जेवियर टोपनो, स्किल डेवलपमेंट प्रमुख कैप्टन अमिताभ, शिक्षा प्रमुख दिव्यहास राय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। एमओयू पर औपचारिक हस्ताक्षर JCAPCPL के प्रबंध निदेशक कपिल मोदी और टाटा स्टील फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सौरव रॉय ने किए।

कपिल मोदी बोले- सामुदायिक विकास के लिए साझा प्रतिबद्धता

JCAPCPL के प्रबंध निदेशक कपिल मोदी ने कहा कि कंपनी, टाटा स्टील फाउंडेशन के साथ मिलकर सतत सामुदायिक विकास की दिशा में अपनी कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने पर गर्व महसूस करती है। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका संवर्धन और पर्यावरणीय स्थिरता जैसे क्षेत्रों में सार्थक सामाजिक परिवर्तन लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। दोनों संस्थाएं अपनी विशेषज्ञता और संसाधनों का साझा उपयोग कर समुदायों के लिए दीर्घकालिक लाभ सुनिश्चित करेंगी।

सौरव रॉय ने कहा- स्थानीय जरूरतों के अनुरूप होंगे विकास कार्यक्रम

टाटा स्टील फाउंडेशन के सीईओ सौरव रॉय ने कहा कि JCAPCPL के साथ यह साझेदारी कोल्हान क्षेत्र के लोगों की क्षमताओं और आकांक्षाओं को सशक्त बनाने की दिशा में अहम पहल है। उन्होंने कहा कि दोनों संस्थाएं मिलकर स्थानीय जरूरतों की पहचान करेंगी और उसी के अनुरूप विकास कार्यक्रम तैयार करेंगी, जिससे लोगों को नए अवसर मिलें और समावेशी विकास को बढ़ावा मिले। उन्होंने JCAPCPL का इस साझा विजन में सहभागी बनने के लिए आभार भी व्यक्त किया।

निगरानी और समीक्षा की होगी प्रभावी व्यवस्था

एमओयू के तहत संयुक्त रूप से योजनाओं की रूपरेखा तैयार करने, समय-समय पर उनकी समीक्षा करने और प्रभावी निगरानी तंत्र विकसित करने का भी प्रावधान किया गया है। इससे सभी कार्यक्रमों का पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सकेगा।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading