July 24, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
ताज़ा खबर
जमशेदपुर

जमशेदपुर के बाराद्वारी में बंद क्वार्टर से कैश, जेवर और जरूरी दस्तावेज सहित लाखों की चोरी

जमशेदपुर के बाराद्वारी में बंद क्वार्टर से कैश, जेवर और जरूरी दस्तावेज सहित लाखों की चोरी

जमशेदपुर। साकची थाना क्षेत्र के नार्थ काशीडीह बाराद्वारी स्थित एक बंद क्वार्टर में अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने क्वार्टर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, उनकी खरीद की रसीदें एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।इस संबंध में क्वार्टर संख्या एल-4/63 निवासी चौधरी ब्रह्म नारायण राम ने साकची थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि 16 जुलाई की दोपहर में वे अपने आवास में ताला लगाकर मानगो के कल्याण बिहार कॉलोनी में आयोजित एक गृह प्रवेश समारोह में शामिल होने गए थे। इसके बाद वे वहीं रुके रहे। बुधवार रात जब वापस अपने क्वार्टर पहुंचे और मुख्य दरवाजा खोलकर अंदर गए तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे में सामान बिखरा पड़ा था और आलमारी का लॉक टूटा हुआ था।पीड़ित के अनुसार, चोर आलमारी में रखे भवन निर्माण कार्य के लिए जमा करीब तीन लाख रुपये नकद, लगभग ढाई लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, आभूषणों की रसीदें और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने साथ ले गए। चोरी की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल साकची थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि चोरों ने पहले बंद मकान की रेकी की और घर सुनसान होने का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि आरोपितों तक पहुंचा जा सके।साकची थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading