मुख्य बिन्दु
इलाज में मदद की गुहार लगाने को डीएसपी के पैर पकड़कर अनुरोध कर रहा था युवक
टीएमएच ने इलाज के लिए लगभग आठ लाख रुपये की व्यवस्था करने को कहा
थानेदार बोले-आरोपी वाहन मालिक का पता स्वयं पता लगाए, इसी बात से भड़का आक्रोश
तेज रफ्तार बेकाबू कार ने चार लोगों को लिया था चपेट में, शिक्षक प्रेम महतो को गंभीर चोट
जमशेदपुर: जमशेदपुर के बागबेड़ा में सड़क हादसे में घायल शिक्षक प्रेम महतो के इलाज और आरोपी कार मालिक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुरुवार शाम स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। करीब दो घंटे तक डीबी रोड जाम रहा। इस दौरान डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर पर एक युवक को थप्पड़ मारने का आरोप लगने से माहौल और तनावपूर्ण हो गया, जिसके बाद पुलिस के खिलाफ लोगों का विरोध और तेज हो गया।
इलाज की समुचित व्यवस्था और हादसे के जिम्मेदार कार मालिक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों व स्थानीय लोगों ने बागबेड़ा के डीबी रोड को करीब दो घंटे तक जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध जताया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब मौके पर पहुंचे डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर सुमित कुमार पर एक युवक को थप्पड़ मारने का आरोप लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घायल शिक्षक के इलाज में मदद की गुहार लगाने के लिए एक युवक डीएसपी के पैर पकड़कर अनुरोध करने लगा।
आरोप है कि इससे नाराज होकर डीएसपी ने युवक को थप्पड़ मार दिया। इस घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों का आक्रोश बढ़ गया और पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। कुछ समय के लिए माहौल काफी तनावपूर्ण बना रहा।
घायल शिक्षक प्रेम महतो के परिजनों का कहना है कि उन्हें इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज के लिए लगभग आठ लाख रुपये की व्यवस्था करने को कहा गया।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवार ने सहायता की उम्मीद में बागबेड़ा थाना का रुख किया। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने पुलिस से दुर्घटना करने वाली कार के मालिक का पता लगाने और इलाज में सहयोग की मांग की, लेकिन उन्हें संतोषजनक मदद नहीं मिली।
उनका यह भी आरोप है कि थाना प्रभारी ने कहा कि वाहन मालिक का पता वे स्वयं लगाकर लाएं। इसी बात से नाराज होकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और डीबी रोड जाम कर दिया।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार सुबह बागबेड़ा में एक तेज रफ्तार बेकाबू कार ने चार लोगों को अपनी चपेट में ले लिया था। हादसे में शिक्षक प्रेम महतो गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि तीन अन्य लोग भी चोटिल हुए हैं।
सड़क जाम और प्रदर्शन की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया।
करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद डीबी रोड पर यातायात सामान्य हो सका। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के साथ-साथ लगाए गए आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है।
अब पुलिस की जांच पर ही टिकी हैं लोगों की नजरें। पुलिस की जांच रिपोर्ट के बाद ही यह खुलासा होगा कि घटना की असली वजह क्या है।