*दोस्तों के साथ छुट्टियां मनाने गए 24 वर्षीय संदीप कुमार उपाध्याय की दर्दनाक हादसे में मौत
*ओडिशा के समुद्री तटों पर पर्यटकों की सुरक्षा और जागरूकता को लेकर घटना ने खड़े किए गंभीर सवाल
*जमशेदपुर के सिदगोड़ा स्थित रोड नंबर-4, बागान एरिया के थे निवासी, ऑपरेशन असिस्टेंट के पद पर थे कार्यरत
जमशेदपुर : ओडिशा के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पुरी समुद्र तट पर घूमने गए टाटा स्टील के एक युवा कर्मचारी की समुद्र में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद परिवार, सहकर्मियों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। घटना ने एक बार फिर समुद्र तटों पर पर्यटकों की सुरक्षा और सतर्कता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मृतक की पहचान 24 वर्षीय संदीप कुमार उपाध्याय के रूप में हुई है, जो जमशेदपुर के सिदगोड़ा स्थित रोड नंबर-4, बागान एरिया के निवासी थे। वह टाटा स्टील के आयरन मेकिंग रिफ्रैक्ट्रीज विभाग में ऑपरेशन असिस्टेंट (एनएस-5 ग्रेड) के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने वर्ष 2020 में टाटा स्टील में अपनी सेवा शुरू की थी।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे संदीप अपने तीन दोस्तों के साथ पुरी समुद्र तट पर स्नान कर रहे थे। इसी दौरान समुद्र की तेज लहरों की चपेट में दो युवक आ गए। इनमें से एक दोस्त किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आया, लेकिन संदीप तेज बहाव में बह गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल ने तलाश अभियान शुरू किया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद उनका शव घटनास्थल से लगभग पांच किलोमीटर दूर समुद्र से बरामद किया गया।
बताया जा रहा है कि संदीप अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद दोस्तों के साथ घूमने के लिए पुरी गए थे और सोमवार को वापस ड्यूटी जॉइन करने वाले थे। लेकिन इससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना के बाद पुरी पुलिस ने संदीप के साथ मौजूद दोस्तों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है, ताकि मामले के हर पहलू की जांच की जा सके और किसी भी प्रकार की आशंका को खारिज किया जा सके। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद रविवार को शव को जमशेदपुर लाया जाएगा।
यह हादसा समुद्र तटों पर सुरक्षा नियमों का पालन करने, चेतावनी संकेतों पर ध्यान देने और तेज लहरों के दौरान समुद्र में प्रवेश न करने की आवश्यकता की एक बार फिर याद दिलाता है।