रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम
जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित सालगाझुड़ी रेलवे फाटक के समीप रविवार देर शाम एक दर्दनाक रेल हादसे में 45 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान बावनगोड़ा निवासी प्रधान हेंब्रम के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार प्रधान हेंब्रम मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। रविवार शाम वह घर का जरूरी सामान खरीदने के लिए पैदल निकला था। सामान लेकर लौटने के दौरान वह सालगाझुड़ी के पास रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। इसी बीच तेज रफ्तार से गुजर रही मालगाड़ी की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
चाकुलिया का रहने वाला था मृतक
परिजनों ने बताया कि प्रधान हेंब्रम मूल रूप से चाकुलिया का निवासी था और वर्तमान में जमशेदपुर के बावनगोड़ा इलाके में किराये के मकान में रह रहा था। उसके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं।
हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पार करते समय सतर्कता बरतने की अपील की है।
