==पावड़ा में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में शिक्षा, सामाजिक जिम्मेदारी और आत्मनिर्भरता पर दिया गया जोर
घाटशिला: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम माझी पारगाना माहाल धाड़ दिशोम की ओर से बुधवार को पावड़ा स्थित माझी पारगाना माहाल भवन में प्रतिभा सम्मान समारोह सत्र 2025-26 का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में जिले के प्री-मैट्रिक कोचिंग केंद्रों के 100 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के माध्यम से सामाजिक बदलाव और आदिवासी बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित किया गया।
इस अवसर पर वर्ष 2025-26 की वार्षिक माध्यमिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। जानकारी दी गई कि माझी पारगाना माहाल द्वारा संचालित प्री-मैट्रिक कोचिंग केंद्रों से इस वर्ष कुल 874 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 589 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी, 260 द्वितीय श्रेणी तथा 4 विद्यार्थी तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। आयोजकों ने इसे आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित आदिवासी बच्चों की शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।



तीन वर्षों से चल रही निःशुल्क कोचिंग पहल
कार्यक्रम में बताया गया कि विगत तीन वर्षों से माझी पारगाना माहाल धाड़ दिशोम सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत आर्थिक रूप से कमजोर एवं वंचित वर्ग के बच्चों के लिए निःशुल्क प्री-मैट्रिक कोचिंग की व्यवस्था कर रहा है। इस पहल का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक दिलाना नहीं, बल्कि बच्चों को आत्मनिर्भर, जागरूक और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है।
मुख्य अतिथि जिरेन जेवियर टोपनो ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के साथ सामाजिक चेतना और व्यवहारिक ज्ञान को भी आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समाज से जुड़कर समाजहित में कार्य करने की सोच विकसित करनी चाहिए।
समारोह की अध्यक्षता बैजु मुर्मू ने की। कार्यक्रम का संचालन दीपक मुर्मू ने किया, जबकि कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश सुनील मुर्मू ने डाला।
इस अवसर पर देश परानिक दुर्गा चरण मुर्मू, तोरोप परगना हरिपद मुर्मू, लेदेम किस्कू, पुनता मुर्मू, लखन मार्डी, पावड़ा पंचायत की मुखिया पार्वती मुर्मू, Tata Steel Foundation के जयराम हांसदा, शिक्षक छोटा भुजंग टुडू, बिंदे सोरेन सहित कई वक्ताओं ने शिक्षा और सामाजिक जागरूकता पर अपने विचार रखे।
समारोह में पद्मावती हेम्ब्रम, जगदीश बास्के, मार्शल मुर्मू, संजय सोरेन, पूजा सोरेन, बबिता सोरेन, माझी बाबा भादो मुर्मू, सुशांत हेम्ब्रम सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला।
