जमशेदपुर समेत देशभर से पहुंचे प्रतिनिधि, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने किया संबोधित
नई दिल्ली/जमशेदपुर : Akhil Bharatiya Agrawal Sammelan का राष्ट्रीय अधिवेशन सोमवार को नई दिल्ली के जनपथ स्थित Le Méridien New Delhi में भव्य रूप से संपन्न हुआ। अधिवेशन के दौरान नव-निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत मित्तल समेत नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया।
रांची निवासी बसंत मित्तल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की शपथ ली। उनके साथ राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल, कोषाध्यक्ष नत्थू राम जैन सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी दायित्व ग्रहण किया। हाल ही में संपन्न चुनाव में बसंत मित्तल ने निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल शरण गर्ग को पराजित कर जीत हासिल की थी।
1975 में हुई थी संगठन की स्थापना
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की स्थापना वर्ष 1975 में हुई थी। संगठन का देशभर में व्यापक नेटवर्क है और इसके तीन लाख से अधिक सदस्य बताए जाते हैं। इससे पहले कृष्ण मोदी, बनारसी दास गुप्ता, प्रदीप मित्तल और सुरेंद्र गुप्ता जैसे कई प्रमुख नाम संगठन का नेतृत्व कर चुके हैं।
जमशेदपुर से भी शामिल हुए प्रतिनिधि
अधिवेशन में जमशेदपुर से भी अग्रवाल समाज के कई प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इनमें पूर्व जिलाध्यक्ष संदीप मुरारका, जिलाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, महासचिव मंटू अग्रवाल, संरक्षक ओम प्रकाश रिंगसिया, युवा सम्मेलन के पूर्व महासचिव सन्नी संघी और सलाहकार दीपक पारीक प्रमुख रूप से शामिल रहे।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने किया संबोधित
समारोह का शुभारंभ काशीपीठ पीठाधीश्वर एवं श्री आनंद अखाड़ा वाराणसी के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरि जी महाराज के सान्निध्य में हुआ।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित Om Birla ने कहा कि समाज की एकजुटता, सेवा भावना और संगठनात्मक शक्ति से ही राष्ट्र निर्माण को मजबूती मिलती है। उन्होंने बसंत मित्तल और नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए समाज और राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया।
कई केंद्रीय मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में केंद्रीय कानून मंत्री Arjun Ram Meghwal, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री Sanjay Seth, हरियाणा सरकार के मंत्री विपुल गोयल और संगठन के राष्ट्रीय चेयरमैन डॉ. एस.एस. अग्रवाल सहित कई सांसद, विधायक, उद्योगपति और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
