रोहतास : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अगले एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील के विरोध में रोहतास जिले के डेहरी में एक आभूषण व्यवसायी ने अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया है। डेहरी के पाली रोड स्थित प्रसिद्ध आभूषण प्रतिष्ठान ‘श्री लक्ष्मी ज्वेलर्स’ के संचालक सच्चिदानंद प्रसाद ने अपने सोना-चांदी के शोरूम के सामने ही चाय-पकौड़े और नाश्ते की दुकान शुरू कर दी है।
मंगलवार को इस स्टॉल का विधिवत उद्घाटन डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद की मुख्य पार्षद शशि कुमारी ने किया। उद्घाटन के बाद सच्चिदानंद प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील के बाद लोगों ने सोना-चांदी खरीदना लगभग बंद कर दिया है, जिससे कारोबार पर सीधा असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि ग्राहकों की संख्या लगातार घट रही है और अब व्यवसायियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने कहा कि परिवार चलाने के लिए अब वैकल्पिक रोजगार अपनाना मजबूरी बन गई है। इसी कारण उन्होंने अपने ज्वेलरी शोरूम के सामने चाय-पकौड़े का स्टॉल लगाने का निर्णय लिया। उनका कहना है कि अगर यही स्थिति रही तो अन्य स्वर्णकार भी इसी तरह छोटे कारोबार करने को मजबूर हो जाएंगे।
बता दें कि वैश्विक आर्थिक मंदी और आर्थिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में देशवासियों से एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील की थी। इस अपील को लेकर स्वर्णकार समाज में नाराजगी देखी जा रही है और कई जगहों पर अलग-अलग तरीके से विरोध जताया जा रहा है।
