प्रेमानंद महाराज लंबे समय से किडनी संबंधी बीमारी से हैं पीड़ित,
नियमित चल रही डायलिसिस, सेहत को लेकर पहले भी रोका जा चुका है पदयात्रा
मथुरा : वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के भक्तों के लिए एक मायूस करने वाली खबर सामने आई है। महाराज जी की प्रतिदिन होने वाली पदयात्रा, एकांतिक वार्तालाप और एकांतिक दर्शन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। इस संबंध में श्रीराधा केलिकुंज आश्रम की ओर से आधिकारिक एडवाइजरी जारी की गई है। आश्रम प्रशासन के अनुसार, महाराज जी के स्वास्थ्य में आई गिरावट के कारण यह निर्णय लिया गया है।
रविवार को देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु वृंदावन पहुंचे थे, लेकिन वहां पहुंचने पर उन्हें यात्रा स्थगित किए जाने की जानकारी मिली। आश्रम की ओर से जारी सूचना में कहा गया कि पूज्य महाराज श्री की आज्ञा अनुसार प्रातः सोगरी कुंड तक होने वाली पदयात्रा, आंतरिक वार्तालाप और एकांतिक दर्शन अगले आदेश तक स्थगित रहेंगे। इस सूचना के बाद दर्शन की आस लेकर पहुंचे श्रद्धालुओं में निराशा छा गई।
बताया जाता है कि प्रेमानंद महाराज लंबे समय से किडनी संबंधी बीमारी से पीड़ित हैं और उनकी नियमित डायलिसिस चल रही है। स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव के चलते पहले भी कई बार डॉक्टरों की सलाह पर उनकी पदयात्रा को अस्थायी रूप से रोका जा चुका है।
महाराज जी के स्वास्थ्य को लेकर उनके अनुयायी लगातार प्रार्थना कर रहे हैं। आश्रम के बाहर और सोशल मीडिया पर भक्त उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। देशभर में मौजूद श्रद्धालु राधा रानी से प्रार्थना कर रहे हैं कि महाराज जी शीघ्र स्वस्थ होकर फिर से अपने भक्तों को दर्शन और प्रवचन का लाभ दें।
