जमशेदपुर : मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 कार्यक्रम के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर शनिवार को सिदगोड़ा टाउन हॉल में बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने निर्वाचन कार्यों के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में पोटका, जुगसलाई, जमशेदपुर पूर्वी तथा जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ और बीएलओ पर्यवेक्षकों ने भाग लिया। इस दौरान मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत घर-घर सत्यापन, गणना प्रपत्रों के संकलन, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटियों के संशोधन तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य निष्पादन की विस्तृत जानकारी दी गई।
उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। इसलिए पुनरीक्षण कार्य में लगे सभी पदाधिकारी और कर्मी पूरी गंभीरता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक घर तक पहुंचकर मतदाताओं का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर प्रशिक्षकों ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की कार्यप्रणाली, विभिन्न प्रपत्रों के उपयोग, डेटा संधारण और क्षेत्रीय सत्यापन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
प्रशिक्षणार्थियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने मतदान केंद्रों के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों और अनुभागों का भ्रमण करें। यदि नजरी नक्शे में संशोधन की आवश्यकता हो तो बीएलओ और बीएलओ पर्यवेक्षक उसे शीघ्र अद्यतन करना सुनिश्चित करें। इसके अलावा अनमैप्ड वोटर सूची की दो प्रतियां बीएलओ को उपलब्ध कराई गईं, जिनमें से एक प्रति संबंधित मतदान केंद्र पर चस्पा की जाएगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को आपसी समन्वय एवं सहयोग के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

