जमशेदपुर : झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) द्वारा रांची स्थित जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में आयोजित झारखंड टी20 क्रिकेट लीग में भाग लेने के लिए जमशेदपुर स्टीलर्स की टीम पूरी तरह तैयार है। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में कुल छह टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें जमशेदपुर स्टीलर्स भी शामिल है। टीम का लक्ष्य अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ करना है।
लीग चरण में जमशेदपुर स्टीलर्स को कुल आठ मुकाबले खेलने हैं। टीम अपना पहला मैच 10 जून को कोयलांचल सुपर किंग्स के खिलाफ खेलेगी। यह मुकाबला रात 8 बजे से शुरू होगा।
टूर्नामेंट से पहले टीम रांची पहुंच चुकी है और पिछले तीन दिनों से जेके इंटरनेशनल स्कूल परिसर में कड़ा अभ्यास कर रही है। इसके अलावा मुख्य कोच एसपी गौतम और सहायक कोच अमित कुमार के मार्गदर्शन में जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में भी नियमित अभ्यास सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।
बोकारो के अनुभवी क्रिकेटर कुमार देवव्रत को इस प्रतियोगिता के लिए जमशेदपुर स्टीलर्स का कप्तान बनाया गया है। टीम में सिद्धांत, मोहम्मद कौनेन, अनुराग सिंह, मणिकांत मिश्रा, आदर्श गिरी, कुमार करण, रवि शर्मा, हर्ष राणा, अमन कुमार, अनुकूल रॉय, ऋतिक अनंत, जसराज, नितिन कुमार पांडेय, प्रांजल, प्रतीक और साहिल राज जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।
पहले मुकाबले के बाद जमशेदपुर स्टीलर्स 12 जून को धनबाद डायनामोज, 14 जून को रांची टाइटंस, 15 जून को छोटानागपुर रॉयल्स और 17 जून को संताल स्ट्राइकर्स से भिड़ेगी।
इसके बाद लीग चरण में टीम 18 जून को एक बार फिर रांची टाइटंस, 20 जून को धनबाद डायनामोज और 21 जून को छोटानागपुर रॉयल्स के खिलाफ मैदान में उतरेगी। टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन कर प्लेऑफ में जगह बनाने का लक्ष्य टीम के सामने रहेगा।
