==29 वर्षों से अनोखे अंदाज में मनाया जा रहा अभिनेत्री का जन्मदिन, पप्पू सरदार ने मीडियाकर्मियों का भी किया सम्मान
जमशेदपुर: बॉलीवुड अभिनेत्री Madhuri Dixit के जन्मदिन को लेकर साकची बाजार में आयोजित दो दिवसीय भव्य कार्यक्रम की शुरुआत गुरुवार शाम उत्साह, संगीत और भक्ति के माहौल के बीच हुई।
पूरे आयोजन स्थल को पूजा पंडाल की तर्ज पर आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जहां देर रात तक लोगों की भारी भीड़ उमड़ी रही। महिलाओं और युवतियों में सेल्फी लेने का खास उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के पहले दिन स्पर्श क्रिएटिव एकेडमी के बच्चों ने माधुरी दीक्षित के चर्चित गीतों पर रंगारंग नृत्य प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर लोग देर रात तक झूमते रहे। वहीं ISKCON की टीम द्वारा हरे राम-हरे कृष्ण संकीर्तन और धार्मिक आयोजन किए गए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
आयोजन की शुरुआत भगवान गणेश की पूजा-अर्चना से हुई।
पूजा का संचालन संतोष कुमार त्रिपाठी ने किया, जबकि पप्पू सरदार यजमान के रूप में शामिल हुए।
इस दौरान अभिनेत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की गई।
पूजा के बाद आयोजित सम्मान समारोह में शहर के 50 से अधिक वरिष्ठ मीडियाकर्मियों को सम्मानित किया गया।
रात करीब साढ़े 11 बजे भव्य केक काटकर माधुरी दीक्षित का जन्मदिन उत्सवपूर्वक मनाया गया।
कार्यक्रम के दूसरे दिन शुक्रवार को करनडीह स्थित चेशायर होम में दिव्यांगजनों के बीच भोजन और उपहार वितरण किया गया। इसके अलावा आम लोगों के लिए निशुल्क चाट वितरण और बच्चों के लिए मुफ्त झूले की व्यवस्था भी की गई ।
उल्लेखनीय है कि पप्पू सरदार पिछले 29 वर्षों से लगातार माधुरी दीक्षित का जन्मदिन विशेष आयोजन के साथ मनाते आ रहे हैं।
उनकी इस अनोखी दीवानगी और समर्पण को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिल चुकी है। एक कार्यक्रम में वे माधुरी दीक्षित से भी मुंबई में मिल चुके हैं। पप्पू सरदार की इस दीवानगी पर कई लोग शोध भी कर रहे हैं।
