August 30, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

जमशेदपुर में झारक्राफ्ट के नए इम्पोरियम का उद्घाटन, मंत्री संजय प्रसाद यादव बोले- ‘वोकल फॉर लोकल’ को मिलेगी नई मजबूती

जमशेदपुर में झारक्राफ्ट के नए इम्पोरियम का उद्घाटन, मंत्री संजय प्रसाद यादव बोले- ‘वोकल फॉर लोकल’ को मिलेगी नई मजबूती

जमशेदपुर :जमशेदपुर में झारखंड सरकार के उद्योग विभाग के अंतर्गत संचालित झारक्राफ्ट के नए इम्पोरियम का भव्य उद्घाटन उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने बिष्टुपुर स्थित मेन रोड के दुकान संख्या-1/37 में किया। उद्घाटन समारोह में उपायुक्त राजीव रंजन, झारक्राफ्ट की प्रबंध निदेशक गरिमा सिंह सहित जिला प्रशासन और झारक्राफ्ट के कई अधिकारी मौजूद रहे।

इस मौके पर उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि झारखंड अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा कला और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए पूरे देश में विशेष पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि राज्य के कारीगरों की मेहनत और सृजनात्मकता केवल उत्पाद नहीं, बल्कि झारखंड की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।

मंत्री ने कहा कि जमशेदपुर में नए इम्पोरियम की शुरुआत केवल एक व्यावसायिक केंद्र का उद्घाटन नहीं, बल्कि ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है। आज वैश्विक बाजार में हस्तनिर्मित और प्राकृतिक उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ रही है, ऐसे में झारखंड की डोकरा कला, तसर सिल्क, सोहराय पेंटिंग तथा बांस और लकड़ी से बने हस्तशिल्प देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि झारक्राफ्ट ने राज्य के हजारों ग्रामीण परिवारों को रोजगार और सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वर्तमान में संस्था से 25 हजार से अधिक बुनकर जुड़े हैं, जबकि 120 प्राथमिक बुनकर सहयोग समितियां और स्वयं सहायता समूह इसके साथ कार्य कर रहे हैं। इसके अलावा 220 कर्मचारी झारक्राफ्ट के संचालन में योगदान दे रहे हैं।

मंत्री ने बताया कि झारक्राफ्ट के इम्पोरियम रांची, धनबाद, देवघर समेत देश के कई बड़े शहरों जैसे बेंगलुरु, कोलकाता, दिल्ली और मुंबई में संचालित हो रहे हैं। देशभर में झारक्राफ्ट के 14 इम्पोरियम राज्य के हथकरघा, हस्तशिल्प और सिल्क उत्पादों को नई पहचान दिला रहे हैं।

उन्होंने झारक्राफ्ट से जुड़े कारीगरों, डिजाइनरों, अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार कौशल विकास, विपणन और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयासरत है और आगे भी हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।

उद्योग मंत्री ने विश्वास जताया कि जमशेदपुर का नया इम्पोरियम शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा और झारखंड की कला एवं संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।

न्यूज़लेटर

हर सुबह की बड़ी खबरें, सीधे आपके इनबॉक्स में

टाउन पोस्ट का न्यूज़लेटर सब्सक्राइब करें — कोई स्पैम नहीं, बस ज़रूरी खबरें।

हम आपकी जानकारी को सुरक्षित रखते हैं। कभी भी अनसब्सक्राइब करें।

धन्यवाद! कृपया सब्सक्रिप्शन की पुष्टि के लिए अपना ईमेल जांचें।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading