कपाली : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब डोबो ईंट भट्ठा के समीप सड़क किनारे एक युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई और इलाके में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में युवक के शरीर पर धारदार हथियार से हमले के कई निशान पाए गए हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि युवक की बेरहमी से हत्या की गई है।
घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस को शक है कि हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को सुनसान इलाके में लाकर फेंक दिया गया, ताकि पहचान और साक्ष्य छिपाए जा सकें। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों से गुमशुदगी की जानकारी जुटाने के साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से जानकारी लेने और संभावित सुराग जुटाने का प्रयास जारी है।
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से जल्द मामले का खुलासा करने की मांग की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि अपराधियों तक पहुंचा जा सके। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
