एनएचएआई व पीएचईडी के अभियंताओं के साथकी अहम बैठक
पाइपलाइन बिछाने के लिए दो वैकल्पिक प्रस्ताव दिये गए
सरयू बोलेः जो उचित हो, वहीं करें, किसी के दबाव में न आएं
कार्यपालक अभियंता ने कहाः दोनों वैकल्पिक मार्गों का अध्ययन व सर्वेक्षण करेंगे, जो अधिकतम उपयोगी होगा, उस पर काम किया जाएगा
जमशेदपुर। मानगो पेयजल परियोजना की बालीगुमा पानी टंकी को जल्द चालू कराने के उद्देश्य से जमशेदपुर पश्चिम के विधायक Saryu Roy ने गुरुवार को एनएच-33 के डिमना चौक से डिमना नाला तक क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से बालीगुमा टंकी तक पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए उपयुक्त मार्ग को लेकर एनएचएआई के अभियंताओं और अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान एनएचएआई के अभियंताओं ने विधायक को बताया कि पाइपलाइन के पूर्व निर्धारित मार्ग में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित स्थल पर फ्लाईओवर रैम्प का निर्माण कार्य चल रहा है, इसलिए पाइपलाइन को भविष्य में नुकसान से बचाने के लिए वैकल्पिक मार्ग सुझाया गया है।
अभियंताओं के अनुसार, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग डिमना चौक से डिमना नाला तक एनएच के यूटिलिटी कॉरिडोर से पाइपलाइन बिछा सकता है। इसके बाद पाइपलाइन को आशियाना क्षेत्र की ओर से नाला किनारे होते हुए उस पुल तक ले जाने का सुझाव दिया गया, जो जयपाल कॉलोनी और सुकना बस्ती को जोड़ने के लिए बनाया जा रहा है। वहां से पाइपलाइन को डिमना नाला पार कराकर बालीगुमा पानी टंकी तक पहुंचाया जा सकता है। अभियंताओं ने यह भी सुझाव दिया कि तकनीकी रूप से संभव होने पर किसी उपयुक्त स्थान पर संरचना बनाकर पाइपलाइन को पहले ही नाला पार कराया जा सकता है।
एनएचएआई की ओर से दूसरा विकल्प भी सामने रखा गया। इसके तहत पाइपलाइन को डिमना चौक से डिमना नाला तक एनएच के यूटिलिटी एरिया से ले जाकर नाला के आधार तल से पार कराया जाए और फिर सुकना बस्ती के रास्ते बालीगुमा टंकी तक पहुंचाया जाए। बाद में डिमना नाला पर निर्माणाधीन पांचवें पुल के तैयार होने पर पाइपलाइन को स्थायी रूप से पुल के किनारे स्थानांतरित किया जा सकता है।
विधायक सरयू राय ने बताया कि उपस्थित अधिकांश लोगों ने आशियाना किनारे वाले मार्ग को पहली प्राथमिकता और नाला के आधार तल वाले मार्ग को दूसरी प्राथमिकता के रूप में उपयुक्त माना। उन्होंने कहा कि दोनों विकल्पों की जानकारी पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता को दी जाएगी।
इसके बाद विधायक ने विभाग के कार्यपालक अभियंता और सहायक अभियंताओं के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि विभाग और एनएचएआई के बीच हुए पत्राचार के कारण यह भ्रम फैल गया है कि एनएचएआई पाइपलाइन बिछाने में बाधा डाल रहा है, जबकि वास्तविक स्थिति ऐसी नहीं है। कार्यपालक अभियंता ने आश्वस्त किया कि दोनों विकल्पों का तकनीकी और वित्तीय अध्ययन कर जो मार्ग अधिक उपयुक्त होगा, उसी के आधार पर पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जाएगा।
सरयू राय ने अधिकारियों से कहा कि वे किसी दबाव में आए बिना तकनीकी और वित्तीय दृष्टि से सही निर्णय लें। उन्होंने कहा कि यदि स्वतंत्र रूप से निर्णय लिया जाए तो दो दिनों के भीतर बालीगुमा टंकी तक पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू हो सकता है और पिछले छह वर्षों से तैयार होकर बेकार पड़ी पानी टंकी से जल्द पेयजल आपूर्ति शुरू की जा सकती है।
निरीक्षण कार्यक्रम में भाजपा नेता नीरज सिंह, वार्ड पार्षद राजेश सिंह, जितेंद्र साव, जदयू नेता पप्पू सिंह, नीरज सिंह सहित बालीगुमा क्षेत्र के कई स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
