कहा- आर्थिक तंगी के कारण था मानसिक तनाव, यही तनाव बदला अवसाद में
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद भी की थी खुदकुशी की कोशिश
मंगलवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम के बाद किया गया अंतिम संस्कार
जमशेदपुर : श्हार के सिदगोड़ा इलाके में हुई ट्रिपल मर्डर की घटना ने पूरे शहर को भीतर तक झकझोर दिया है। जिस घर में कभी परिवार की हंसी गूंजती थी, वहां अब मातम पसरा है। टाटा स्टील के सेवानिवृत्त कर्मचारी रविंद्र सिंह पर आरोप है कि उन्होंने मानसिक तनाव और अवसाद के दौर में अपनी पत्नी, बेटे और गर्भवती बेटी की हथौड़े से हमला कर निर्मम हत्या कर दी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि सोमवार सुबह घर के भीतर अचानक हिंसा का ऐसा तांडव मचा, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। सबसे पहले आरोपी ने अपनी पत्नी सरिता सिंह पर हमला किया। किचन में हुए इस हमले में उनके सिर, गाल और हाथ पर गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
इसके बाद आरोपी ने अपने छोटे बेटे रविशेक सिंह को निशाना बनाया। उसके सिर और माथे पर हथौड़े से कई वार किए गए। वह भी जमीन पर गिर पड़ा और उसकी सांसें थम गईं। परिवार की सबसे दर्दनाक तस्वीर तब सामने आई, जब गर्भवती बेटी सुप्रिया सिंह भी इस हिंसा का शिकार बन गई। उस पर एक जोरदार वार किया गया, जिसने उसकी और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की जिंदगी छीन ली।
घटना के बाद जब रायपुर से बड़ा बेटा अभिषेक सिंह जमशेदपुर पहुंचा और सिदगोड़ा थाना में अपने पिता से मिला, तो वहां का दृश्य बेहद भावुक था। पुलिस हिरासत में बैठे रविंद्र सिंह बेटे को देखते ही रो पड़े। उन्होंने बेटे से वहां से चले जाने को कहा। बातचीत में उन्होंने स्वीकार किया कि रिटायरमेंट के बाद आर्थिक दबाव, मकान निर्माण का बोझ और छोटे बेटे की शादी को लेकर वह लंबे समय से मानसिक तनाव में थे। यही तनाव धीरे-धीरे अवसाद में बदलता गया और आखिरकार परिवार तबाह हो गया।
मंगलवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद भुइयांडीह श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया। एक ही चिता के आसपास रोते-बिलखते परिजन और रिश्तेदारों का दर्द वहां मौजूद हर व्यक्ति को भावुक कर गया। पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा रहा और लोग यही कहते नजर आए कि काश, किसी ने समय रहते रविंद्र सिंह की मानसिक स्थिति को समझ लिया होता।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि घटना को अंजाम देने के बाद उसने खुद भी आत्महत्या की कोशिश की थी, लेकिन वह बच गया। फिलहाल पुलिस उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है।
