रांची : झारखंड में पेट्रोल-डीजल को लेकर मचे हाहाकार और नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। झामुमो के प्रदेश प्रवक्ता Kunal Sarangi ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के वास्तविक हालातों को नजरअंदाज कर जनता को पेट्रोल-डीजल के लिए लंबी कतारों में खड़ा होने पर मजबूर कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि देश में महंगाई चरम पर पहुंच चुकी है और आम जनता परेशान है। वहीं नीट पेपर लीक मामले में भाजपा नेताओं के नाम सामने आने से यह स्पष्ट होता है कि देश किस दिशा में जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी अभियान के दौरान अंधाधुंध रैलियां कर वैश्विक संकट को नजरअंदाज किया गया, जिसका असर अब पूरे देश की जनता भुगत रही है।
झामुमो नेता ने मांग की कि पेट्रोल-डीजल की खरीद को लेकर सख्त कानून बनाया जाए और उसका सभी पर समान रूप से पालन कराया जाए। उन्होंने कहा कि यह नियम आम लोगों के साथ-साथ नेताओं, मंत्रियों और अधिकारियों पर भी लागू होना चाहिए।
इस दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं और नेताओं ने साइकिल चलाकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और अपना आक्रोश जाहिर किया।
