पैनिक बाइंग से बढ़ी परेशानी, जिले में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध
प्रशासन और तेल कंपनियों ने लोगों से संयम बरतने की अपील की
पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ और कंटेनर में बिक्री पर रोक के निर्देश
जमशेदपुर : जिले में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति पूरी तरह सामान्य होने की बात कही है। समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने तेल कंपनियों, पेट्रोल पंप संचालकों और पेट्रोल पंप एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की।
बैठक में बताया गया कि जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा तेल कंपनियों द्वारा नियमित रूप से सप्लाई की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि हाल के दिनों में अफवाहों के कारण लोगों द्वारा पैनिक बाइंग किए जाने से कई पेट्रोल पंपों पर सामान्य दिनों की तुलना में लगभग दोगुनी बिक्री दर्ज की गई, जिससे अनावश्यक दबाव की स्थिति बनी।
उपायुक्त राजीव रंजन ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें। उन्होंने कहा कि जिले में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिया कि सुरक्षा कारणों से बोतल या अन्य कंटेनरों में तेल की बिक्री नहीं की जाए।
वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने कहा कि पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े करने से यातायात एवं कानून व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने लोगों से संयम बनाए रखने और सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट खबरों से बचने की अपील की।
बैठक में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, एसडीएम धालभूम, एसडीएम घाटशिला, अपर नगर आयुक्त जेएनएसी, डीटीओ, ट्रैफिक डीएसपी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी समेत इंडियन ऑयल, एचपी, भारत पेट्रोलियम और जियो के एरिया मैनेजर मौजूद रहे। तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी स्पष्ट किया कि जिले में सप्लाई चैन पूरी तरह सुचारु है और सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है।
