चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में चांडिल थाना क्षेत्र के चिल्गु के समीप विभिन्न गांवों में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में की गई।
जानकारी के अनुसार उत्पाद विभाग की टीम ने चांडिल थाना अंतर्गत खोखरोडीह, जड़ियाडीह, चाकुलिया और हमसदा टोला गांवों में अवैध महुआ शराब निर्माण को लेकर छापेमारी की। अभियान के दौरान कुल पांच अवैध महुआ चुलाई अड्डों को ध्वस्त कर दिया गया।
छापेमारी के दौरान विभाग ने करीब 1000 किलोग्राम जावा महुआ और 50 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की। बरामद शराब एवं जावा महुआ को नियमानुसार जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
उत्पाद विभाग ने बताया कि अवैध शराब निर्माण, भंडारण और बिक्री में संलिप्त अड्डा संचालकों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। साथ ही गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
