जमशेदपुर: निखार हत्याकांड को लेकर आरोपियों को लेकर मानगो सहारा सिटी पहुंची पुलिस की टीम मीडिया से कतराती रही। पुलिस टीम को देखकर वहां लोग सन्न रह गए। होटल कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड की जांच में पुलिस लगातार आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
चांडिल पुलिस ने मामले में गिरफ्तार रितेश सिंह, सुनील रजक और कथित शूटर अंकित सिंह को 72 घंटे की रिमांड पर लिया है। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर सोमवार रात चांडिल और जमशेदपुर पुलिस की संयुक्त टीम दो आरोपियों को लेकर मानगो स्थित सहारा सिटी पहुंची।
करीब पांच पुलिस वाहनों के काफिले के साथ पहुंची टीम को देखकर सहारा सिटी परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने मीडिया से किसी तरह की जानकारी साझा करने से इनकार कर दिया।
मेघा ब्लॉक के फ्लैट में पुलिस ने की जांच
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर टीम सहारा सिटी के मेघा ब्लॉक पहुंची और एक फ्लैट की जांच की। इस दौरान पुलिस ने परिसर में मौजूद सुरक्षा गार्ड से भी पूछताछ की और मामले से जुड़ी जानकारी जुटाई। जांच पूरी करने के बाद पुलिस टीम आरोपियों को लेकर वहां से रवाना हो गई।
बताया जा रहा है कि रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपियों ने निखार सबलोक हत्याकांड से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां पुलिस को दी हैं। इन्हीं सूचनाओं के आधार पर पुलिस अलग-अलग स्थानों पर जांच कर रही है।
हत्या से पहले अपराधियों के सहारा सिटी में ठहरने की सूचना
पुलिस सूत्रों की मानें तो रितेश सिंह और सुनील रजक ने पूछताछ में बताया कि निखार सबलोक की हत्या से पहले कुछ अपराधियों को सहारा सिटी में ठहराया गया था। इसी सूचना के आधार पर सोमवार रात करीब 10 बजे पुलिस टीम दोनों आरोपियों को लेकर वहां पहुंची और मेघा ब्लॉक में छानबीन की।
गोकुल नगर में भी पहुंची पुलिस टीम
बताया जा रहा है कि पुलिस ने गोकुल नगर इलाके में भी आरोपियों की निशानदेही पर छापेमारी की। सूत्रों के अनुसार, वहां जमीन से कुछ सामान बरामद किया गया है। हालांकि बरामद सामान क्या है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच को लेकर गोपनीयता बरत रही है और बरामदगी या पूछताछ से जुड़ी विस्तृत जानकारी देने से बच रही है।