गम्हरिया : दीपावली से पहले ही होटलों में गुणवत्ता को लेकर छापेमारी शुरू कर दी गई है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी के नेतृत्व में सरायकेला खरसावां जिले के गम्हरिया क्षेत्र के विभिन्न होटलों और मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान गम्हरिया स्थित अजीत होटल में करीब 30 किलोग्राम बूंदी के लड्डू फफूंद लगे पाए गए। खाद्य सुरक्षा के मानकों के अनुरूप कार्रवाई करते हुए इन लड्डुओं को पदाधिकारी की मौजूदगी में मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

निरीक्षण के दौरान होटल में साफ-सफाई और सैनिटाइजेशन की व्यवस्था में भी कई कमियां सामने आईं। इसके अलावा प्रतिष्ठान में काम करने वाले कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं पाए गए।
इन खामियों को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने होटल संचालक को सुधार नोटिस जारी किया है। संचालक को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कमियों को दूर करने और खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता से जुड़े नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया गया है।
विभाग ने भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा सामने आने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने कहा कि जिले के सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सुरक्षा और स्वच्छता के निर्धारित मानकों का पालन करना अनिवार्य है।
खाद्य प्रतिष्ठानों में नियमित सफाई और सैनिटाइजेशन के साथ कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता तथा आवश्यक मेडिकल फिटनेस सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग की ओर से सभी होटलों को सख्ती हिदायत दी गई है कि गड़बड़ी पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।