सरायकेला : शहर के कालूराम चौक स्थित रब्बू अग्रवाल की गल्ले की दुकान में शनिवार रात हुई सेंधमारी का सरायकेला पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी के आरोप में लहरी टोला निवासी साजिद खान उर्फ मुन्ना खान को गिरफ्तार किया है।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 18,600 रुपये नकद, 157 पैकेट सिगरेट, सात बोतल तेल, 736 रुपये के खुले पैसे, आठ चांदी जैसे दिखने वाले सिक्के और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए हैं।
सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार ने पत्रकारों को बताया कि शनिवार की रात आरोपी ने रब्बू अग्रवाल की दुकान की पिछली दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया और नकदी समेत सिगरेट व अन्य सामान चोरी कर लिया था।
दुकान में सेंधमारी के दौरान दीवार में बनाए गए छोटे छेद से अंदर-बाहर निकलने की कोशिश में आरोपी के शरीर पर चोट के निशान भी बने थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने रब्बू अग्रवाल की दुकान के सामने स्थित आटा चक्की को भी निशाना बनाया था। वहां से चोरी किए गए सिक्के भी पुलिस ने साजिद के पास से बरामद कर लिए।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर लहरी टोला में छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान साजिद खान के पैतृक आवास से 157 पैकेट सिगरेट और सात बोतल तेल बरामद किए गए। इसके बाद राजाबाड़ी के पीछे स्थित उसके किराये के मकान में छापेमारी की गई, जहां से 500 और 50 रुपये के नोटों में कुल 18,600 रुपये, प्लास्टिक में रखा 736 रुपये का खुदरा पैसा, आठ सिक्के और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, साजिद खान के खिलाफ सरायकेला थाना में पहले से भी एक आपराधिक मामला दर्ज है। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी विनय कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सौरभ कुमार आहूजा, पुलिस अवर निरीक्षक अरुण कुमार महतो, सहायक अवर निरीक्षक ऋषि कुमार, सहायक अवर निरीक्षक राकेश कुमार और हवलदार राजेश उरांव शामिल थे।