आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों का आतंक लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। बीती रात वार्ड संख्या-17 स्थित प्रभात पार्क के समीप असामाजिक तत्वों ने एक दुकानदार और उसके दो बेटों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार प्रभात पार्क के पास ठेला लगाकर दुकान चलाने वाले प्रमोद कुमार दास की दुकान पर रात करीब 9:30 बजे कुछ युवक पहुंचे और खाना पैक करने को कहा। उस समय दुकान पर भीड़ होने के कारण पैकिंग में थोड़ी देर हो गई। इसी बात को लेकर युवकों ने विवाद शुरू कर दिया।
देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और आरोपियों ने प्रमोद कुमार दास पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। पिता को बचाने पहुंचे उनके बेटे आशीष कुमार दास और अंकित कुमार दास को भी हमलावरों ने बेरहमी से पीटा। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार हमलावर हथियारों से लैस थे और पुलिस पेट्रोलिंग टीम के पहुंचने के बावजूद मारपीट करते रहे। बाद में आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि इलाज के बाद लौटने पर उनके साथ दोबारा मारपीट की गई। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने पुलिस में काउंटर केस दर्ज करा दिया है और अब भी खुलेआम घूम रहे हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर भारी नाराजगी है। लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों की शिकायत है कि पुलिस इस मामले में मौन दिख रही है। सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है।

