सरायकेला : डायन प्रथा के खिलाफ लंबे समय से सामाजिक जागरूकता अभियान चलाने वाली सामाजिक कार्यकर्ता छुटनी महतो ने प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा देशवासियों से की गई सात प्रमुख अपीलों का जोरदार समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की यह पहल केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश को आर्थिक रूप से मजबूत, आत्मनिर्भर और स्वस्थ बनाने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास है।
छुटनी महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील का उद्देश्य आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाना और देशहित को मजबूत करना है। उन्होंने कहा, “मोदी हैं तो मुमकिन है। प्रधानमंत्री जो संदेश दे रहे हैं, उसे हर नागरिक को गंभीरता से अपनाने की जरूरत है।”
उन्होंने विशेष रूप से खाद्य तेल के सीमित उपयोग की अपील को महिलाओं और परिवारों के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया। उनका कहना था कि तेल का कम इस्तेमाल न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होगा, बल्कि घरेलू खर्च में भी कमी लाएगा। उन्होंने लोगों से खानपान और स्वास्थ्य के प्रति अधिक जागरूक होने की अपील की।
स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने के आह्वान पर छुटनी महतो ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने से देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी साकार होगा, जब हर नागरिक इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेगा।
वर्क फ्रॉम होम और घरेलू स्तर पर कामकाज को बढ़ावा देने के मुद्दे पर उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि पहले उन्हें कई कार्यों के लिए बाहर जाना पड़ता था, लेकिन अब अधिकांश काम घर से ही हो जाते हैं। इससे समय और संसाधनों दोनों की बचत हो रही है।
अंत में छुटनी महतो ने लोगों से प्रधानमंत्री की सातों अपीलों को सकारात्मक सोच के साथ अपनाने और देश को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की।
