जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले की गालूडीह थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे शातिर अपराधी बिरसन मुंडा को गिरफ्तार किया है। आरोपी को सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र स्थित मुटुडा गांव से दबोचा गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं, जिन्हें झारखंड और ओडिशा के विभिन्न इलाकों से चोरी किया गया था।
ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने प्रेस वार्ता में बताया कि दिसंबर 2025 में गालूडीह थाना क्षेत्र से चोरी हुई विंगर वैन मामले में बिरसन मुंडा की अहम भूमिका थी। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, लेकिन बिरसन लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने छापेमारी कर उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई वाहन चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसके घर से चोरी की तीन गाड़ियां बरामद कीं। बरामद वाहनों में ओडिशा के मयूरभंज जिले के तिरिंग थाना क्षेत्र से चोरी की गई टीवीएस अपाची बाइक, गालूडीह से चोरी हुई हीरो स्प्लेंडर और ओडिशा के बहलदा इलाके से चोरी की गई होंडा डियो स्कूटी शामिल है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, सिम कार्ड और एक नंबर प्लेट भी जब्त किया है।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि बिरसन मुंडा का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ झारखंड के कई थानों में वाहन चोरी समेत अन्य आपराधिक मामलों में केस दर्ज हैं। वहीं ओडिशा पुलिस भी उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस को आशंका है कि आरोपी का नेटवर्क कई जिलों तक फैला हुआ है और उससे पूछताछ में वाहन चोरी से जुड़े कई अन्य मामलों का खुलासा हो सकता है।
