जमशेदपुर: बर्मामाइंस थाना क्षेत्र की कैरेज कॉलोनी स्थित सेवा आश्रम से लापता हुए तीन वर्षीय बच्चे को जमशेदपुर पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर पश्चिम बंगाल के खड़गपुर से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में कैरेज कॉलोनी मुस्लिम बस्ती निवासी 42 वर्षीय असलम खान को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर को दोपहर करीब तीन बजे समीर महानंद के तीन वर्षीय बेटे आर्यन महानंद के अपहरण की सूचना मिली थी। परिजनों की शिकायत पर बर्मामाइंस थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस उपाधीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर बच्चे की तलाश शुरू की। सुराग के आधार पर पुलिस टीम पश्चिम बंगाल तक पहुंची और वहां की पुलिस के सहयोग से खड़गपुर रेलवे स्टेशन के आसपास बच्चे की तलाश की गई। आखिरकार आर्यन को सकुशल बरामद कर लिया गया।
मामले में पुलिस ने असलम खान को गिरफ्तार किया है। सिटी डीएसपी संजीव कुमार के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी का पहले से आपराधिक इतिहास भी रहा है। पुलिस का आरोप है कि वह बच्चे को चोरी कर मुंबई ले जाने की कोशिश कर रहा था और कथित तौर पर बच्चों को दूसरे स्थानों पर ले जाकर बेचने का काम करता था।
पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
अब तक जो सूचना मिली है कि वह लगभग 22 वर्ष पहले किसी आपराधिक मामले में जेल में रहा है।