आदित्यपुर : सरायकेला प्रशासन द्वारा चेतावनी बोर्ड लगाकर प्रवेश वर्जित किए जाने के बाद भी नियमों को दरकिनार कर रहे हैं युवक। बार-बार हो रही मौतें। जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित आसंगी चेकडैम में रविवार को एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया। खरकई नदी पर बने चेकडैम में नहाने के दौरान दो युवक डूब गए। डूबे युवकों की पहचान मिरूडीह निवासी शुभम शर्मा और बनतानगर निवासी सोनू लोहार के रूप में बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों युवकों की तलाश शुरू कराई। देर शाम तक काफी प्रयास के बावजूद दोनों का पता नहीं चल सका।
अंधेरा बढ़ने के कारण राहत एवं बचाव अभियान रोकना पड़ा। सोमवार सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किए जाने की संभावना है।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद दोनों युवकों के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग चेकडैम के पास पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर लोगों की भीड़ जुटने से माहौल गमगीन बना रहा।
लगातार हादसों के बावजूद नहीं थम रहा चेकडैम में प्रवेश
आसंगी चेकडैम में लगातार हो रहे हादसों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले दो महीनों के दौरान यहां डूबने की यह तीसरी बड़ी घटना बताई जा रही है।
जुलाई में नहाने के दौरान दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई थी। इसके बाद अगस्त में एनआईटी जमशेदपुर के बीटेक छात्र मीर तनवीर हसन की भी चेकडैम में डूबने से मौत हो गई थी।
घटना के चार दिन बाद उसका शव सोनारी दोमुहानी से बरामद किया गया था।
लगातार हो रही मौतों के बाद जिला प्रशासन ने अगस्त में आसंगी चेकडैम को डेंजर जोन घोषित किया था। प्रशासन की ओर से लोगों को प्रवेश नहीं करने की चेतावनी देते हुए बोर्ड भी लगाया गया था।
इसके बावजूद रविवार को दो युवकों के डूबने की घटना ने प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
2026 में अब तक पांच युवकों की मौत
आसंगी चेकडैम पिछले कुछ समय से डूबने की घटनाओं को लेकर संवेदनशील क्षेत्र बन गया है। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक यहां डूबने से पांच युवकों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद लोगों का चेकडैम तक पहुंचना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।