जमशेदपुर। घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में 1 सितंबर की रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल परिवार का हाल जानने शुक्रवार को घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। साथ ही चिकित्सकों से इलाज की स्थिति और घायलों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
नशे में कार चला रहे चालक ने परिवार को मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, 1 सितंबर की रात करीब 9 बजे एक कार चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। नदी पुल के पास कार ने एक ही परिवार के चार सदस्यों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि महिला पुल से नीचे नदी में जा गिरी, जबकि उसके पति और दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। करीब एक किलोमीटर आगे महिला को नदी से सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में उसके घुटने में गंभीर चोट आई और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें लगी हैं।
इलाज के दौरान 6 वर्षीय बच्ची की मौत
हादसे के बाद महिला, उसके पति और दोनों बच्चों को इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान परिवार की 6 वर्षीय बच्ची श्रेया कृष्णा सिन्हा ने दम तोड़ दिया। बच्ची के शव को अस्पताल के शीतगृह में रखा गया है।
वहीं, बच्ची के माता-पिता और उसके भाई का इलाज टीएमएच में जारी है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
विधायक ने बेहतर इलाज का दिया भरोसा
टीएमएच पहुंचे विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने चिकित्सकों से बातचीत कर घायलों के इलाज की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों से घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
विधायक ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर मासूम बच्ची की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
इस दौरान पूर्व जिला प्रवक्ता गुरमीत सिंह गिल, सोनाराम सोरेन, विक्रम बेसरा, मंगल सोरेन, राहुल अग्रवाल, मनिंदर सिंह, संदीप शर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।