जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित सोपोडेरा मिडिल स्कूल परिसर में किशोरी का शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने आरोपी युवक सोनू कर्मकार (20) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार 9 मई 2026 की सुबह करीब 6:15 बजे स्कूल परिसर में एक किशोरी का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची परसुडीह थाना पुलिस ने जांच शुरू की। मृतका की पहचान होने के बाद उसके पिता के लिखित आवेदन पर परसुडीह थाना में कांड संख्या 45/26 दर्ज किया गया। मामले में बीएनएस की धारा 103(1)/238 के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई, जिसकी निगरानी पुलिस अधीक्षक (नगर) कर रहे थे। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और कई स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर पुलिस ने सोनू कर्मकार की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वह किशोरी के साथ सोपोडेरा मिडिल स्कूल पहुंचा था। इस दौरान किशोरी उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आकर उसने किशोरी का गला घोंटकर हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना के समय पहना गया सफेद रंग का शर्ट भी बरामद कर लिया है, जिसे उसने छिपा दिया था। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
