जमशेदपुर : कोल्हान के तीनों जिले — Jamshedpur पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पश्चिम सिंहभूम — में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बने हुए हैं। लगभग हर दिन कहीं न कहीं दुर्घटनाओं में लोगों की जान जा रही है और घायल होने वालों की संख्या भी बढ़ती जा रही है, लेकिन हादसों पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।
इसी क्रम में सोमवार देर शाम गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित आरडी टाटा गोलचक्कर के पास एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक महिला सहित चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार ऑटो साकची से स्टेशन की ओर जा रहा था। इसी दौरान आरडी टाटा गोलचक्कर के समीप अचानक एक स्कूटी सामने आ गई। स्कूटी को बचाने के प्रयास में चालक ऑटो से नियंत्रण खो बैठा और ऑटो सड़क पर पलट गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।
