जमशेदपुर : जमशेदपुर में 16 और 17 मई को एक बड़े ग्लैमर और टैलेंट इवेंट “मिस इंडिया एशिया 2026” का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता आदित्यपुर स्थित होटल क्रूज में आयोजित होगी। कार्यक्रम का आयोजन एम.वी. प्रोडक्शन और स्काईवे करियर हब के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है, जिसमें देश के कई राज्यों से प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। देश के कई राज्यों से प्रतिभागी इस ग्लैमर और टैलेंट प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। 500 से अधिक आवेदनों में से 60 फाइनलिस्ट चुने गए हैं।
सोमवार को आदित्यपुर के एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में मिस इंडिया 2025 अविष्का चंद, एम.वी. प्रोडक्शन के मैनेजिंग डायरेक्टर करमबीर सिंह सोनी, स्काईवे करियर हब के डायरेक्टर तथा इंडिया एशिया फाउंडर झरना चंद ने संयुक्त रूप से जानकारी दी कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिता में केवल सुंदरता ही नहीं बल्कि व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, प्रतिभा, बुद्धिमत्ता और स्टेज प्रेजेंस का भी आकलन किया जाएगा।
अविष्का चंद ने बताया कि झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, महाराष्ट्र और तमिलनाडु समेत कई राज्यों से प्रतिभागियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इस वर्ष ऑनलाइन और ऑफलाइन ऑडिशन के जरिए 500 से अधिक प्रतिभागियों ने आवेदन किया था। कई चरणों की स्क्रीनिंग के बाद लगभग 60 प्रतिभागियों को ग्रैंड फिनाले के लिए चुना गया है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों को 10 से 12 राउंड से गुजरना होगा। इन राउंड में उनकी कम्युनिकेशन स्किल, आत्मविश्वास, प्रतिभा, प्रस्तुति और सामान्य ज्ञान की परीक्षा ली जाएगी। समग्र प्रदर्शन के आधार पर चयनित प्रतिभागियों को टॉप-5 फाइनल राउंड में जगह मिलेगी, जहां विजेताओं की घोषणा की जाएगी।
प्रतियोगिता के विजेताओं को क्राउन, ट्रॉफी, गिफ्ट हैम्पर और आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके साथ ही मनोरंजन और मॉडलिंग इंडस्ट्री में उन्हें प्रोफेशनल अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे, जिनमें दो लाख रुपये तक के कॉन्ट्रैक्ट शामिल होंगे।
अविष्का चंद ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए मजबूत मंच देना है। उन्होंने कार्यक्रम से जुड़े सभी प्रायोजकों, सहयोगियों और पार्टनर्स का आभार व्यक्त करते हुए इसे आत्मविश्वास, प्रतिभा और महत्वाकांक्षा का उत्सव बताया।
करमबीर सिंह सोनी ने कहा कि प्रतियोगिता में प्रतिभागियों की बौद्धिक क्षमता पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए विशेषज्ञों का एक पैनल बनाया गया है, जो विभिन्न राउंड के दौरान प्रतिभागियों से समसामयिक विषयों और सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल पूछेगा।
मिस इंडिया एशिया के अलावा इस मंच पर मिसेज इंडिया, मिस्टर इंडिया, टीन इंडिया एशिया और किड्स इंडिया एशिया 2026 जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। प्रतिभागियों को अलग-अलग आयु वर्गों में बांटा गया है, जिसमें चार से नौ वर्ष के बच्चों से लेकर 25 वर्ष से अधिक आयु वर्ग तक शामिल हैं।
प्रेस वार्ता में एम.वी. प्रोडक्शन, स्काईवे करियर हब और आयोजन समिति के कई सदस्य उपस्थित थे।
आयोजकों ने विश्वास जताया कि यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर जमशेदपुर की पहचान को नई ऊंचाई देगा और शहर को फैशन, टैलेंट और एंटरटेनमेंट इवेंट्स के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद करेगा।
