गम्हरिया: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत महुलडीह गांव में झारखंड आंदोलन के वरिष्ठ नेता एवं झामुमो के दिवंगत नेता जोगेश्वर टुडू की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं सरायकेला विधायक चंपाई सोरेन ने उनकी प्रतिमा और समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद चंपाई सोरेन ने कहा कि स्वर्गीय जोगेश्वर टुडू ने झारखंड की पहचान, अधिकार और सम्मान की लड़ाई में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उनका संघर्ष, त्याग और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
उन्होंने कहा कि जोगेश्वर टुडू ने लंबे समय तक झारखंड मुक्ति मोर्चा के संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। वे क्षेत्र की जनता की समस्याओं को लेकर हमेशा सक्रिय रहे और जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाते थे। उनके सामाजिक और राजनीतिक योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में झारखंड आंदोलनकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीणों ने भाग लेकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान वकील सोरेन, बबलू नाथ सोरेन, गुरु प्रसाद महतो, मिथुन कुंभकार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।