कोडरमा: झारखंड के कोडरमा घाटी में रविवार सुबह एक पाम ऑयल से भरा टैंकर हादसे का शिकार हो गया। किसी वाहन से पास लेने के प्रयास के दौरान टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना में टैंकर चालक वाहन के अंदर ही फंस गया और घायल अवस्था में काफी देर तक मदद का इंतजार करता रहा।
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लेकिन चालक को बाहर निकालने या उसकी मदद करने के बजाय कई लोग टैंकर से बह रहे पाम ऑयल को लूटने में जुट गए। तेल भरकर ले जाने वालों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल थे।
करीब एक घंटे तक चलता रहा तेल लूटने का सिलसिला
टैंकर पलटने के बाद सड़क पर पाम ऑयल फैलने लगा। इसके बाद स्थानीय लोगों ने बाल्टी, डिब्बे और दूसरे बर्तनों में तेल भरना शुरू कर दिया। जिसे जितना तेल मिला, वह लेकर वहां से निकल गया। बताया जा रहा है कि करीब एक घंटे तक टैंकर से तेल लूटने का सिलसिला चलता रहा।
टैंकर में फंसा रहा घायल चालक
तेल लूटने की होड़ में जुटी भीड़ ने टैंकर में फंसे घायल चालक पर ध्यान नहीं दिया। हादसे के बाद चालक काफी देर तक वाहन के अंदर ही फंसा रहा। भीड़ में मौजूद लोग उसकी मदद करने के बजाय तेल इकट्ठा करने में व्यस्त रहे। इस घटना ने हादसे के बाद मानवीय संवेदनशीलता को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को खदेड़ा
बाद में घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और टैंकर में फंसे घायल चालक को बाहर निकाला। इसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मौके से तेल लूट रहे लोगों को खदेड़कर स्थिति को नियंत्रित किया।
हादसे के बाद पुलिस की मौजूदगी में क्रेन की मदद से पलटे हुए टैंकर को सीधा कराया गया। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।