जमशेदपुर : झारखंड सरकार के शिक्षा विभाग द्वारा वर्कर्स कॉलेज में साइंस और आर्ट्स की पढ़ाई बंद करने के फैसले के खिलाफ छात्रों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस निर्णय के विरोध में जेडीयू छात्र संघ ने सैकड़ों छात्रों के समर्थन के साथ उपायुक्त कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया और राज्य सरकार से आदेश वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान छात्र नेताओं ने कहा कि सरकार के इस फैसले से वर्कर्स कॉलेज में पढ़ाई कर रहे छात्रों का भविष्य अंधकारमय हो गया है। छात्र नेता हेमंत पाठक ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि राज्य सरकार छात्रों के शिक्षा के अधिकार को छीनने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्कर्स कॉलेज से साइंस और आर्ट्स की पढ़ाई बंद कर छात्रों को करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित एलबीएसएम कॉलेज भेजा जा रहा है, जिससे छात्रों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
हेमंत पाठक ने कहा कि खासकर छात्राओं के लिए इतनी दूर जाकर पढ़ाई करना आसान नहीं होगा, क्योंकि अधिकांश अभिभावक अपनी बेटियों को इतनी दूर पढ़ने भेजने के लिए तैयार नहीं होंगे। ऐसे में कई छात्राओं की पढ़ाई बीच में ही छूट सकती है। उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की।
वहीं वर्कर्स कॉलेज की छात्रा दिशा प्रसाद ने भी सरकार के फैसले पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि एलबीएसएम कॉलेज उनके कॉलेज से लगभग 20 किलोमीटर दूर है और उनके घर वाले इतनी दूर पढ़ाई के लिए भेजने को तैयार नहीं हैं। ऐसी स्थिति में उन्हें अपनी पढ़ाई छोड़नी पड़ सकती है। छात्रा ने मांग की कि उनकी पढ़ाई वर्कर्स कॉलेज में ही जारी रखी जाए ताकि छात्रों का भविष्य सुरक्षित रह सके।
