-जमशेदपुर झारखंड का पहला शहर बना, जहां बैटरी चालित वाहनों से कूड़ा उठाया जाएगा
-जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की पहल रंग लाई, 6 वाहनों का किया उद्घाटन
-विधायक बोले-अन्य नगरपालिकाओं को भी इस दिशा में सोचना चाहिए
-देश में तेल बचाने के लिए बैटरी से चलने वाली गाड़ियां मुफीद
-संकरी गलियों में जाकर कूड़ा उठाना अब हुआ और भी सहज
जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक Saryu Roy की विधायक निधि से बुधवार को बैटरी से चलने वाले छह डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाले वाहनों का उद्घाटन किया गया। उद्घाटन जेएनएसी कार्यालय परिसर में नारियल फोड़कर किया गया। इस अवसर पर जेएनएसी के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार भी मौजूद रहे।
बताया गया कि झारखंड में पहली बार जेएनएसी द्वारा बैटरी चालित वाहनों को डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण कार्य में लगाया गया है। इसके साथ ही जमशेदपुर राज्य का पहला ऐसा शहर बन गया है, जहां अब संकरी गलियों में भी बैटरी से चलने वाले वाहन पहुंचकर कूड़ा उठाने का काम करेंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सरयू राय ने कहा कि कुछ वर्ष पहले वे उत्तर प्रदेश के कुशीनगर गए थे, जहां उन्होंने बैटरी चालित वाहनों से कूड़ा उठाने की व्यवस्था देखी थी। यह प्रयोग उन्हें काफी उपयोगी लगा। इसके बाद उन्होंने जमशेदपुर लौटकर इस संबंध में जेएनएसी अधिकारियों से चर्चा की। करीब एक वर्ष की प्रक्रिया के बाद अब इन वाहनों की शुरुआत हो सकी है।
उन्होंने कहा कि इन वाहनों के संचालन से शहर की संकरी बस्तियों और गलियों में भी आसानी से सफाई कार्य हो सकेगा, जिससे स्वच्छता व्यवस्था और बेहतर होगी। सरयू राय ने कहा कि वर्तमान समय में बैटरी चालित वाहनों की आवश्यकता काफी बढ़ गई है, खासकर तब जब प्रधानमंत्री द्वारा पेट्रोल और डीजल की बचत पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि जेएनएसी की तर्ज पर राज्य की अन्य नगरपालिकाएं भी बैटरी चालित वाहनों के जरिए कूड़ा संग्रहण कार्य शुरू करेंगी। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था पर्यावरण और खर्च—दोनों दृष्टि से लाभकारी है, क्योंकि इसमें पेट्रोल या डीजल की आवश्यकता नहीं पड़ती।


